Saturday, October 10, 2026
बढ़नी

सिद्धार्थनगर: बढ़नी में तेज रफ्तार बस ने कार में मारी टक्कर, दो लोग घायल

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। जनपद के बढ़नी क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब तुलसीपुर की ओर से आ रही सवारियों से भरी बस ने सड़क पर ट्रायल के लिए लाई गई एक कार में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में थार सवार अलीमुल्लाह और सड़क किनारे ठेला लगाने वाले कमलेश घायल हो गए। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब तीन से चार बजे के बीच सवारियों से भरी बस तुलसीपुर की तरफ से बढ़नी की ओर आ रही थी। इसी दौरान सड़क किनारे मरम्मत कार्य के बाद एक मिस्त्री कार को ट्रायल के लिए लेकर आया था और सड़क पर वाहन को आगे-पीछे कर रहा था। तभी तेज रफ्तार बस ने कार में टक्कर मार दी, जिससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
टक्कर की चपेट में सड़क किनारे ठेला लगाए वार्ड नंबर तीन, माता स्थान, नगर पंचायत बढ़नी निवासी कमलेश भी आ गए और घायल हो गए। सेमरहवा निवासी अलीमुल्लाह (40) भी इस हादसे में घायल हुए।
इलाज और पुलिस कार्रवाई
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बढ़नी पहुंचाया। चिकित्सक डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि दोनों को हल्की चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक वीरेंद्र कुमार पासवान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया। हादसे को अंजाम देने के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।

प्रतीकात्मक इमेज