Monday, April 13, 2026
बढ़नी

सिद्धार्थनगर: होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का एक्शन; 160 किलो खोया नष्ट, 124 किलो नमकीन सीज

Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। आगामी होली पर्व को देखते हुए मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश और जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर के निर्देशों के पालन में जिले में विशेष छापामार अभियान चलाया गया। सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई से मिलावटखोरों में हड़कंप मच गया है।

अस्वास्थ्यकर खोया किया गया नष्ट
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने नौगढ़ स्थित खजुरिया रोड पर छापेमारी की। यहाँ से खोया का एक नमूना जांच के लिए लिया गया। मौके पर 160 किलोग्राम खोया अत्यंत अस्वास्थ्यकर और गंदगी के बीच पाया गया, जिसे विभाग ने जनस्वास्थ्य के दृष्टिगत तत्काल विनष्ट (नष्ट) करा दिया।

मानक विहीन नमकीन पर कार्रवाई
टीम ने अपनी कार्रवाई जारी रखते हुए थरौली स्थित वन विभाग चौराहे पर भी छापा मारा। यहाँ से नमकीन का नमूना संग्रहित किया गया और 124 किलोग्राम नमकीन मानक के अनुरूप न पाए जाने पर उसे मौके पर ही सीज कर दिया गया।
होगी सख्त कानूनी कार्रवाई
सहायक आयुक्त (खाद्य) II आर.एल. यादव ने बताया कि सभी नमूनों को प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

जांच रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नीरज कुमार चौधरी भी शामिल रहे। अधिकारियों ने सभी खाद्य कारोबारकर्ताओं को सख्त हिदायत दी है कि वे मानकों का पालन करें और मिलावटी सामान न बेचें।