Thursday, February 12, 2026
बढ़नी

सिद्धार्थनगर के ग्राम पंचायत चरिगंवा में गणतंत्र दिवस का महापर्व , प्रधान प्रतिनिधि ने बांटे उपहार, गूंजे देशभक्ति के तराने

गुरु जी की कलम से 

बढ़नी/सिद्धार्थनगर। विकासखंड बढ़नी के अंतर्गत ग्राम पंचायत चरिगंवा में गणतंत्र दिवस का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सोमवार सुबह ग्राम पंचायत में स्थित दशरथ कल्याणी विद्या मंदिर और प्राथमिक विद्यालय में ध्वजारोहण समारोह का आयोजन किया गया।

सुबह ठीक 10 बजे तिरंगा फहराने के साथ ही पूरा परिसर ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के उद्घोष से गूंज उठा। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अब्दुल सलाम खान ने ध्वजारोहण किया और उपस्थित ग्रामीणों व बच्चों को 26 जनवरी 1950 को संविधान लागू होने के महत्व से अवगत कराया। उन्होंने बच्चों को संविधान में निहित मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

रंगारंग कार्यक्रमों ने मोहा मन

समारोह के दौरान स्कूली बच्चों ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति गीत, नृत्य और लघु नाटक प्रस्तुत किए, जिसे देख उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो गया। बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए प्रधान प्रतिनिधि ने कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले करीब 300 छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए हाथ घड़ी, दीवार घड़ी, कॉपी-किताब और पेन वितरित किए।

एसएसबी कैंप में भी पहुंचे प्रतिनिधि

विद्यालयों में कार्यक्रम के पश्चात प्रधान प्रतिनिधि 43वीं वाहिनी एसएसबी कैंप भी पहुंचे और वहां आयोजित कार्यक्रम में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इसके अतिरिक्त गणेशपुर चौराहा स्थित न्यू सिटी मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल में भी ध्वजारोहण का कार्यक्रम संपन्न हुआ।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य मनोज चक्रवर्ती, हॉस्पिटल प्रबंधक अब्दुल कलाम, साबिर खान, बिस्मिल्लाह खान, दुर्गेश यादव, अब्दुल हई, वंशराज यादव, मुमताज और एसएसबी अधिकारियों समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।