Thursday, February 12, 2026
शोहरतगढ़

रमवापुर में आजादी का जश्न और स्वास्थ्य केंद्र का भव्य उद्घाटन

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर।
स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत रमवापुर में तिरंगे के सम्मान और विकास कार्यों का अद्भुत संगम देखने को मिला। ग्राम सचिवालय पर ध्वजारोहण के साथ कंपोजिट विद्यालय गनेशपुर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अलीदापुर, प्राथमिक विद्यालय धिमरौली, प्राथमिक विद्यालय रमवापुर उत्तरी एवं प्राथमिक विद्यालय देवी नगर में बड़े ही उत्साह और धूमधाम से ध्वजारोहण किया गया।

इसके उपरांत एक भव्य तिरंगा यात्रा ग्राम सचिवालय से मुसहरवा चौराहे होते हुए मुसहरी चौराहा व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अलीदापुर रमवापुर तक निकाली गई। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और देशभक्ति के गीतों से वातावरण गूंज उठा।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अलीदापुर रमवापुर का कायाकल्प कार्यों का लोकार्पण रहा। केंद्र पर टाइलिंग, भवन की मरम्मत, रंगाई-पुताई और आकर्षक चित्रकारी कार्य संपन्न हुआ।

उद्घाटन गांव के दो होनहार छात्र — डा. जाहिद और डा. अभिषेक (माधव प्रसाद मेडिकल कॉलेज, सिद्धार्थनगर में एमबीबीएस कर रहे) — ने फीता काटकर किया। इस दौरान ग्रामवासी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे और इस पहल की सराहना की।

इस मौके पर सचिव संदीप सरोज, लेखपाल रमेश जायसवाल, रोजगार सेवक कुलदीप गिरी, पंचायत सहायक कृष्ण मोहन गिरी, आंगनवाड़ी कार्यकत्री श्रीमती रामकुमार, सफाई कर्मचारीगण, संदीप चौरसिया, मिथलेश चौधरी, विकास चौधरी, अखलाक, परवेज, सईद, सुमित चौधरी, प्रदीप वर्मा, आसिफ कोटेदार, पवन गिरी समेत सम्मानित ग्रामवासी एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे।