Saturday, October 10, 2026
बढ़नी

सड़क किनारे उगी झाड़ियां बन रहीं हादसों का सबब, समाजसेवी अरबाज खान ने उठाई सफाई की मांग

स्टेट और नेशनल हाईवे के कई हिस्सों में सड़क के दोनों किनारों पर झाड़ियों का कब्जा, दुर्घटनाओं के साथ आपराधिक घटनाओं का भी बढ़ रहा खतरा

Kapilvastupost

शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर।
स्टेट और नेशनल हाईवे के किनारे लंबे समय से उगी बड़ी-बड़ी झाड़ियां राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनती जा रही हैं। सड़क के दोनों किनारों पर झाड़ियों के बढ़ जाने से कई स्थानों पर मोड़ और सड़क का किनारा स्पष्ट दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है।

समाजसेवी अरबाज खान ने संबंधित विभाग से सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की तत्काल कटाई और सफाई कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि शोहरतगढ़ से सटे मड़वा चौराहा, बढ़नी ब्लॉक मोड़ से हृदयनगर ब्रिज तक तथा ढेबरुआ से नजरगढ़वा तक सड़क के दोनों किनारों पर बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। इन स्थानों पर नियमित रूप से सफाई नहीं होने के कारण स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है।

पिछले महीने अकरहरा के पास पलटा था 12 चक्का ट्रक

स्थानीय लोगों के मुताबिक सड़क किनारे उगी झाड़ियों के कारण वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों और सड़क के किनारे का सही अंदाजा लगाने में परेशानी होती है। पिछले महीने अकरहरा गांव के निकट एक बारह चक्का ट्रक के पलटने की घटना भी सामने आई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इस तरह की दुर्घटनाएं आए दिन होती रहती हैं।

हादसों के साथ आपराधिक घटनाओं का भी खतरा

सड़क किनारे घनी झाड़ियां केवल यातायात के लिए ही खतरा नहीं हैं, बल्कि सुनसान स्थानों पर अपराधिक घटनाओं की आशंका भी बढ़ा सकती हैं। झाड़ियों की आड़ में असामाजिक तत्वों के छिपने या वारदात के बाद वहां से निकलने की संभावना से राहगीरों में भी चिंता बनी रहती है। रात के समय स्थिति और अधिक संवेदनशील हो जाती है।

खासकर बाइक सवार, पैदल राहगीर और अकेले सफर करने वाले लोगों को ऐसे स्थानों पर अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ती है। झाड़ियों के कारण सड़क किनारे लगे संकेतक, मोड़ और अन्य जरूरी स्थान भी कई जगहों पर स्पष्ट दिखाई नहीं देते।

संबंधित विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग

समाजसेवी अरबाज खान ने मांग की है कि शोहरतगढ़ क्षेत्र से जुड़े स्टेट और नेशनल हाईवे के किनारे विशेष अभियान चलाकर झाड़ियों की कटाई कराई जाए। साथ ही नियमित अंतराल पर सड़क किनारे सफाई और झाड़ियों की कटाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ राहगीरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण और मरम्मत के साथ-साथ सड़क के किनारे की नियमित सफाई और विजिबिलिटी बनाए रखना भी सड़क सुरक्षा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। संबंधित विभाग को इस समस्या का संज्ञान लेकर जल्द कार्रवाई करनी चाहिए।