Saturday, October 10, 2026
बढ़नी

नेपाल में जलप्रलय का कहर: बुटवल में नदी के तेज बहाव में बहा इटवा का युवक, मौत से परिवार में कोहराम

निजाम अंसारी

सिद्धार्थनगर। नेपाल में भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। बुटवल में नदी किनारे बैठे इटवा निवासी 34 वर्षीय प्रभात सोनी पानी के अचानक बढ़े तेज बहाव की चपेट में आ गए और नदी में बह गए। शनिवार दोपहर नेपाली पुलिस व प्रशासन द्वारा शव बरामद किए जाने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

राखी पर ननिहाल गए थे प्रभात, वहीं से बना था नेपाल का प्लान नगर पंचायत इटवा निवासी प्रभात सोनी (पुत्र अवधेश सोनी) रक्षाबंधन के पर्व पर अपनी मां को ननिहाल (मऊ-जिगिनिहवा) ले गए थे। इसके बाद प्रभात, उनके छोटे भाई शिवा सोनी, मां और मामा के परिवार ने नेपाल घूमने का कार्यक्रम बनाया। शुक्रवार को सभी लोग बुटवल पहुंचे और नदी के निकट एक पत्थर पर बैठे थे। इसी दौरान अचानक जलधारा का वेग तेज हो गया। प्रभात पानी के प्रचंड बहाव में बह गए और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बहते समय उनके सिर पर पत्थर से गंभीर चोट भी आई।

दो मासूम बेटियों के सिर से उठा पिता का साया प्रभात सोनी अपने माता-पिता के दो बेटों में सबसे बड़े थे। वे शादीशुदा थे और अपने पीछे चार वर्ष तथा डेढ़ वर्ष की दो मासूम बेटियों को छोड़ गए हैं। हादसे की खबर फैलते ही इटवा स्थित उनके आवास पर रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। पिता अवधेश सोनी स्वजनों के साथ कानूनी प्रक्रिया के लिए नेपाल रवाना हो गए हैं।

पूर्व मंत्री सतीश द्विवेदी ने बंधाया ढांढस, प्रशासन से की बात घटना की सूचना मिलते ही पूर्व शिक्षा मंत्री डॉ. सतीश द्विवेदी और इटवा प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार दुबे शोकाकुल परिवार के घर पहुंचे। पूर्व मंत्री ने पुलिस अधीक्षक तथा नेपाल के राजनीतिक प्रतिनिधियों से फोन पर बात कर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया। युवक की इस असमय मौत से पूरे इटवा नगर में शोक की लहर व्याप्त है।