शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के निवासियों, किसानों और व्यापारियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। क्षेत्र की दो प्रमुख सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने 5.94 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति दे दी है। क्षेत्रीय विधायक विनय वर्मा के प्रयासों से मिली इस मंजूरी के बाद स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है।
स्वीकृत सड़कों और बजट का विवरण
नौडिहवा पुल एप्रोच से जीतपुर चौराहा: इस 3.700 किमी लंबे मिसिंग लिंक मार्ग के निर्माण पर 321.99 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
बानगंगा कैनाल पटरी से परासपिंडा मार्ग: इस 2.900 किमी लंबे संपर्क मार्ग के निर्माण पर 271.69 लाख रुपये की लागत आएगी।
विधायक विनय वर्मा ने बताया कि कुल 6.6 किमी लंबी इन दोनों परियोजनाओं पर कुल 593.68 लाख रुपये (लगभग 5.94 करोड़ रुपये) खर्च होंगे। इन सड़कों के बनने से दर्जनों गांवों की सीधी कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे किसानों को उपज मंडी तक पहुंचाने और व्यापारियों के आवागमन में सुगमता आएगी।
उन्होंने इस सौगात के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शोहरतगढ़ के सर्वांगीण विकास का सिलसिला जारी रहेगा और आने वाले समय में कुछ अन्य महत्वपूर्ण सड़कों को भी जल्द ही स्वीकृति मिलेगी।