मेडिको-लीगल रजिस्टर और अभिलेख दुरुस्त मिलने पर जताया संतोष, स्वास्थ्यकर्मियों को दिए बेहतर व्यवस्था के निर्देश।
निजाम अंसारी
बढ़नी (सिद्धार्थनगर): मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. संजय दोहरे ने रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बढ़नी का औचक निरीक्षण कर अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने सीधे अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत की और उनके इलाज व मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इसके पश्चात उन्होंने लेबर रूम का निरीक्षण कर प्रसव संबंधी व्यवस्थाओं, परिसर की सफाई और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में स्वास्थ्यकर्मियों से पूछताछ की।
सीएमओ डॉ. संजय दोहरे ने मेडिको-लीगल रजिस्टर समेत अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की गहन जांच की। रजिस्टर और अस्पताल की सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त पाए जाने पर उन्होंने संतोष व्यक्त किया। साथ ही, उन्होंने स्वास्थ्यकर्मियों को निर्देश दिया कि मरीजों को बेहतर से बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लगातार व्यवस्थित बनाए रखा जाए।
इस दौरान पीएचसी प्रभारी डॉ. अविनाश चौधरी, डॉ. प्रदीप वर्मा, फार्मासिस्ट रामसहाय वर्मा, अमृत, स्टाफ नर्स योगेंद्र समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।