Saturday, October 10, 2026
शोहरतगढ़

शोहरतगढ़ और सकारपार में सर्पदंश का कहर: युवती और दिल्ली से लौटे व्यक्ति की मौत, परिवारों में मचा कोहराम

Kapilvastupost

शोहरतगढ़/सकारपार क्षेत्र में जहरीले सांपों के डसने से दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवती और एक अधेड़ व्यक्ति की अकाल मृत्यु हो गई। दोनों ही घटनाओं के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

शोहरतगढ़: स्नातक की छात्रा को सांप ने काटा, अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित नगर पंचायत शोहरतगढ़ के वार्ड बेनी माधव नगर में रात में एक दुखद हादसा हुआ। स्थानीय निवासी जितेंद्र पांडेय की 24 वर्षीय पुत्री सत्या, जो स्नातक की छात्रा थी, को देर रात एक विषैले सांप ने डस लिया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन आनन-फानन में उसे सीएचसी शोहरतगढ़ ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को घर ले आए और गुरुवार दोपहर अंतिम संस्कार कर दिया।

सकारपार: छोटी बेटी की शादी की तैयारी करने दिल्ली से आए थे दु:खी, सर्पदंश से गई जान दूसरी घटना सकारपार चौकी अंतर्गत पेडारी बुजुर्ग गांव की है। यहां के निवासी दुःखी (48 वर्ष), पुत्र अयोध्या, जो पेडारी चौराहे पर नरसिंह कुटी के पास मकान बनाकर रह रहे थे, गुरुवार सुबह करीब 5 बजे घर के पीछे नल पर पानी लेने गए थे। इसी दौरान उन्हें सांप ने काट लिया।

  • देर से शुरू हुआ इलाज: परिजनों ने शुरुआत में इसे मामूली समझ लिया। दुःखी शौच के लिए चले गए, लेकिन लौटते समय सिर में तेज दर्द और तबीयत बिगड़ने लगी। पहले घरेलू उपचार में समय गंवाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर भागे।

  • अस्पताल के गेट पर तोड़ा दम: जिला अस्पताल के गेट पर पहुंचते ही दुःखी ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों द्वारा पुष्टि किए जाने के बाद परिजन शव लेकर घर लौटे और पुलिस को सूचित किया।

  • शादी की खुशियां मातम में बदलीं: मृतक दिल्ली में रहकर काम-धंधा करते थे और एक सप्ताह पूर्व ही अपनी छोटी बेटी पूजा की शादी की तैयारियों के सिलसिले में घर आए थे। उनके परिवार में एक बेटा और तीन बेटियां हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी कुंजबिहारी तिवारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर तहसीलदार पीयूष श्रीवास्तव, नायब तहसीलदार महबूब और लेखपाल विनोद ने पहुंचकर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।