Monday, April 13, 2026
बढ़नी

 “गाँव की समस्या, गाँव में समाधान”: ढेबरुआ और भावपुर में ग्राम चौपाल आयोजित, योजनाओं की दी गई जानकारी

बढ़नी ब्लॉक के दो गांवों में पंचायत सचिवों ने ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड और पेंशन योजनाओं के प्रति किया जागरूक।
Kapilvastupost
बढ़नी, सिद्धार्थनगर: विकास खण्ड बढ़नी के अंतर्गत ग्राम पंचायत ढेबरुआ और भावपुर उर्फ गुलरी में शुक्रवार को “गाँव की समस्या गाँव में समाधान” अभियान के तहत ग्राम चौपाल का भव्य आयोजन किया गया।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण करना और उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना रहा।

ढेबरुआ में योजनाओं पर विस्तार से चर्चा:
ग्राम पंचायत ढेबरुआ में आयोजित चौपाल की अध्यक्षता पंचायत सचिव दिलीप कुमार यादव ने की। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे—अटल पेंशन योजना, आयुष्मान कार्ड, पीएम आवास, मनरेगा, किसान सम्मान निधि और व्यक्तिगत शौचालय के बारे में विस्तार से बताया। सचिव ने विशेष रूप से जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन कार्ड सुधार और वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन के लाभ के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी। इस दौरान ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए आयुष्मान और परिवार कार्ड बनवाने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर प्रधान प्रतिनिधि राम जी यादव, पंचायत सहायक रीता शर्मा, केयर टेकर गुंजा, नितीश, रंजीत, अंबुज श्रीवास्तव सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।
भावपुर उर्फ गुलरी में रोजगार और विकास पर जोर:
वहीं, ग्राम पंचायत भावपुर उर्फ गुलरी में सचिव अवधेश कुमार यादव की अध्यक्षता में चौपाल संपन्न हुई। यहाँ सरकार की नवीन योजनाओं के माध्यम से युवाओं को रोजगार मुहैया कराने और ग्राम पंचायतों को विकसित भारत की संकल्पना से जोड़ने पर चर्चा की गई। सचिव ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गाँव की छोटी-बड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा।

बैठक में ग्राम प्रधान, रोजगार सेवक महेश कुमार यादव और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इन चौपालों के माध्यम से शासन की मंशा है कि पात्र व्यक्ति दफ्तरों के चक्कर लगाने के बजाय अपने ही गाँव में सुविधाओं का लाभ पा सके।