सिद्धार्थनगर: बढ़नी बाज़ार में नेपाल की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग पर पश्चिमी रेलवे क्रॉसिंग के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला है। मृतक की उम्र लगभग 65 वर्ष बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों द्वारा सूचना मिलने पर ढेबरुआ थानाध्यक्ष नारायन लाल श्रीवास्तव और चौकी इंचार्ज अनिरुद्ध सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि शव सड़क किनारे पड़ा था। मृतक ने लाल रंग का अंडरवियर और सफेद फुल-स्लीव शर्ट पहनी हुई थी और उसका कद मध्यम था।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे अपने कब्ज़े में लिया और उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसके लिए पुलिस आस-पास के लोगों और कस्बे के निवासियों से पूछताछ कर रही है।
थानाध्यक्ष नारायन लाल श्रीवास्तव ने बताया कि शव की शिनाख्त होने पर उसे पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। अगर पहचान नहीं हो पाती है, तो कानूनी प्रक्रिया के अनुसार शव को मोर्चरी हाउस भेजा जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस मृतक की पहचान के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। खबर लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।