Saturday, October 10, 2026
बढ़नी

सिद्धार्थनगर में भीषण सड़क हादसा: अनियंत्रित पिकअप ने बाइक सवार को रौंदा, पांच मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

निजाम अंसारी

सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के बढ़नी सरयू नहर पुल के पास शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार पिकअप की जोरदार टक्कर से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।

ढेबरुआ के सरयू नहर पुल पर हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, मधवानगर (बढ़नी) निवासी विजय शर्मा (पुत्र राम निवास) शुक्रवार की शाम लगभग 8:30 बजे बढ़नी बाजार से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह बढ़नी सरयू नहर पुल के पास पहुंचे, ढेबरुआ की तरफ से आ रही एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम टक्कर इतनी भीषण थी कि विजय शर्मा बुरी तरह घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत उपचार के लिए ले जाया जाने लगा, लेकिन घाव गहरे होने के कारण रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

पांच अबोध बच्चों के सिर से उठा साया मृतक विजय शर्मा अपने पीछे पत्नी और पांच मासूम बच्चों का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही गांव और परिवार में मातम छा गया है। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।