विकास खंड बढ़नी अंतर्गत ग्राम पंचायत घरुवार के टोला डढ़उल में गांव की समस्या का गांव में समाधान के तहत चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमें भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
निजाम अंसारी
सड़क रिपेयरिंग और आवागमन की समस्या ग्राम पंचायत डढउल में आयोजित बैठक के दौरान ग्रामीणों ने गांव की मूलभूत सुविधाओं को लेकर अपनी मांगें प्रमुखता से रखीं। ग्रामीणों ने डढउल में कोदई के घर से PWD रोड तक जाने वाली जर्जर सड़क के नवनिर्माण व रिपेयरिंग की मांग उठाई। लोगों का कहना है कि इस मार्ग से आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, इसलिए इसका जल्द से जल्द सुदृढ़ीकरण कराया जाए।
अंधेरे में डूबा गांव, स्ट्रीट लाइटें बदलने की मांग गांव के खंभों (पोल) पर लगी स्ट्रीट लाइटों की बदहाली का मुद्दा भी जोर-शोर से उठा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में लगे अधिकतर बिजली के पोल की लाइटें पूरी तरह खराब हो चुकी हैं, जिससे रात के समय गलियों में अंधेरा छाया रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इन खराब लाइटों को तत्काल बदलवाने की मांग की है।
सफाई कर्मियों ने मांगे औजार और ठेला गांव को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी संभाल रहे सफाई कर्मियों ने भी अपनी व्यावहारिक समस्याएं सामने रखीं। सफाई कर्मियों ने गांव में मुस्तैदी से काम करने के लिए आवश्यक साफ-सफाई से संबंधित टूल्स (झाड़ू, फावड़ा, तगाड़ी आदि) और कचरा उठाने के लिए नए ठेलों की मांग की, ताकि गांव की सफाई व्यवस्था को और दुरुस्त किया जा सके।
नए शौचालयों की उठी मांग स्वच्छता और जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए गांव के कई वंचित परिवारों के लिए नए शौचालयों के निर्माण और आवंटन की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई, जिससे गांव को पूर्ण रूप से खुले में शौच मुक्त बनाए रखा जा सके।
चौपाल को संबोधित करते हुवे प्रशासक /प्रधान प्रतिनिधि राधेश्याम शर्मा ने कहा हमारी ग्राम पंचायत के प्रत्येक नागरिक की समस्या का समाधान करना और गांव का सर्वांगीण विकास हमारी पहली प्राथमिकता है। राज्य सरकार की ‘गांव की समस्या का गांव में समाधान’ पहल से ग्रामीणों को अब अपनी छोटी-छोटी समस्याओं के लिए ब्लॉक या तहसील के चक्कर नहीं काटने पड़ रहे हैं। आज चौपाल के माध्यम से सड़क, लाइट, स्वच्छता, आयुष चिकित्सा और आवास जैसी महत्वपूर्ण मांगों को प्रमुखता से दर्ज किया गया है।
हम यह सुनिश्चित करेंगे कि डढउल और घरुवार के हर जरूरतमंद तक सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचे। खराब लाइटों को बदलवाने और सड़क मरम्मत की प्रक्रिया जल्द शुरू कराई जाएगी, साथ ही सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कर्मियों को आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए जाएंगे। हमारा लक्ष्य एक स्वच्छ, सुंदर और आत्मनिर्भर ग्राम पंचायत का निर्माण करना है।”