Saturday, October 10, 2026
बढ़नी

पचपेड़वा में पैंगेशियस मछली पालकों की बड़ी बैठक, वसीम अहमद खान सर्वसम्मति से अध्यक्ष निर्वाचित

बलरामपुर-सिद्धार्थनगर मत्स्य पालक समिति के गठन पर मुहर, सैकड़ों किसान रहे मौजूद

निजाम अंसारी

सिद्धार्थनगर/बलरामपुर। पचपेड़वा में बुधवार को फिश फार्मर एसोसिएशन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बलरामपुर और सिद्धार्थनगर जिले के सैकड़ों पैंगेशियस मछली पालक किसान शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों जिलों के मछली पालकों को एक मंच पर लाकर “बलरामपुर एवं सिद्धार्थनगर मत्स्य पालक समिति” के गठन को अंतिम रूप देना था।

बैठक में अध्यक्ष व अन्य पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया संपन्न हुई, जिसमें उपस्थित सदस्यों ने सर्वसम्मति से वसीम अहमद खान को समिति का अध्यक्ष चुना। इस अवसर पर मामून रशीद, मो. आमिर, आसिफ कमाल खान, ओजैर अहमद, एहतेशाम अनवर, विनोद, सैफ, बबलू प्रधान, मारूफ, मो. अय्यूब खान, बृजेश चौधरी, महिपाल चौधरी, अजय श्रीवास्तव, गिरिजा श्रीवास्तव, मनोज सिंह, विकास सिंह, गुड्डू सिंह, राकेश मौर्य, कपिल निषाद और अर्जुन निषाद सहित क्षेत्र के सैकड़ों मछली पालक मौजूद रहे।

बैठक में मछली पालकों के हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। किसानों ने बिचौलियों की भूमिका पर चिंता जताते हुए कहा कि समिति के माध्यम से अब मछली का उचित और लाभकारी मूल्य तय किया जाएगा, ताकि किसानों को उनकी मेहनत का सही दाम मिल सके। इसके अलावा नए व्यापारियों और बड़े बाजारों तक पहुंच बनाने पर भी सहमति बनी, जिससे मछली पालकों को अधिक से अधिक लाभ मिल सके और उनका उत्पाद बड़े पैमाने पर बिक सके।

बैठक में सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने की जरूरत पर भी बल दिया गया। साथ ही सदस्यों ने संगठन को शीघ्र पंजीकृत कराने पर भी विचार-विमर्श किया, जिससे समिति को कानूनी मान्यता मिल सके और वह किसानों के हितों की मजबूती से पैरवी कर सके।

गौरतलब है कि हाल ही में बलरामपुर और सिद्धार्थनगर के प्रगतिशील मछली पालकों को एकजुट करने के लिए एक आधिकारिक व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया है, जिसका उद्देश्य किसानों के बीच संवाद बढ़ाना, समस्याओं का त्वरित समाधान निकालना और आधुनिक तकनीकों को साझा करना है। आयोजकों ने उम्मीद जताई है कि यह समिति क्षेत्र में मत्स्य पालन के क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम करेगी।