Saturday, October 10, 2026
डुमरियागंज

सिद्धार्थनगर में अधिवक्ताओं के साथ मारपीट: आदर्श बार एसोसिएशन में आक्रोश, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, सोमवार से उग्र आंदोलन की चेतावनी

निजाम अंसारी

सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज तहसील परिसर में गुरुवार देर शाम दो अधिवक्ताओं के साथ हुई कथित मारपीट और अभद्रता के मामले ने तूल पकड़ लिया है। घटना के विरोध में शुक्रवार को आदर्श बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। अधिवक्ताओं ने डुमरियागंज थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।

लेखपालों पर मारपीट का आरोप, वीडियो साक्ष्य उपलब्ध आदर्श बार एसोसिएशन के महामंत्री आशीष श्रीवास्तव ने बताया कि संघ के पूर्व महामंत्री व सदस्य हर्षित अग्रहरि के साथ कुछ लेखपालों ने मिलकर मारपीट और बदसलूकी की। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरी घटना का स्पष्ट वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध है।

एसडीएम के रुख पर अधिवक्ताओं ने जताई आपत्ति मामले को लेकर शुक्रवार सुबह बार एसोसिएशन की एक आपात बैठक बुलाई गई, जिसके बाद अधिवक्ताओं ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) से वार्ता की। वार्ता के दौरान एसडीएम ने “दूसरा पक्ष सुनने” की बात कही, जिस पर अधिवक्ताओं ने कड़ा ऐतराज जताया। संघ का कहना है कि जब घटना का स्पष्ट वीडियो साक्ष्य मौजूद है, तो कार्रवाई में टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सोमवार से उग्र प्रदर्शन का ऐलान घटना के विरोध में सिद्धार्थनगर जिले के सभी बार संघों से समर्थन और सहयोग मांगा गया है। आदर्श बार एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आगामी सोमवार से जिले भर में उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।