Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के तालकुंडा (टोला केवटालिया, थाना ढेबरुआ) पहुँचा। यहाँ दबंगों के हमले में अपनी जान गंवाने वाली स्वर्गीय कृष्णावती (पत्नी लाल जी चौहान) के शोक संतृप्त परिजनों से मुलाकात कर नेताओं ने संवेदना व्यक्त की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
पुलिस और प्रशासन पर गंभीर आरोप
परिजनों से मिलने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर कड़े सवाल उठाए। सपा नेताओं ने कहा कि यदि पुलिस समय रहते कृष्णावती को अस्पताल पहुँचाती, तो उनकी जान बचाई जा सकती थी। आरोप लगाया गया कि पुलिस ने घटना को कम करके आँकने (अल्पीकरण) और दबंगों को बचाने का प्रयास किया।
“प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त, गरीबों को नहीं मिल रहा न्याय”
समाजवादी पार्टी के नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। पूरे प्रदेश में जंगलराज और भय का माहौल है, जहाँ पुलिसिया अत्याचार चरम पर है। अब थानों से गरीब आदमी को न्याय मिलना संभव नहीं रह गया है। उन्होंने संकल्प दोहराया कि समाजवादी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।
प्रतिनिधिमंडल में ये रहे शामिल
इस दौरान मुख्य रूप से प्रदेश सचिव महेंद्र सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष लालजी यादव, पूर्व प्रत्याशी अशोक चौहान, उग्रसेन प्रताप सिंह, पूर्व विधायक अमर सिंह चौधरी, मणेन्द्र मिश्रा ‘मशाल’, विधानसभा अध्यक्ष हरिनारायण यादव, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष (अ.ज.जा.) प्रदीप पथरकत, जिला उपाध्यक्ष मोहम्मद इदरीश पटवारी सहित रामू यादव, शकील शाह, चंद्रहस यादव, अमित शर्मा व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।