Monday, April 13, 2026
बढ़नी

शोहरतगढ़: अनियंत्रित कार की टक्कर से पीआरडी जवान की मौत, ड्यूटी पर जाते समय खैरहिनिया के पास हुआ हादसा

Kapilvastupost
शोहरतगढ़/सिद्धार्थनगर: ढेबरुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत शोहरतगढ़-ढेबरुआ नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खैरहिनिया गांव के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने साइकिल सवार पीआरडी जवान को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल जवान की मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।

ड्यूटी पर जाते समय हुआ हादसा
गनेशपुर निवासी पीआरडी जवान किशुनदेव रविवार सुबह करीब 9:30 बजे अपनी साइकिल से ढेबरुआ थाने पर ड्यूटी के लिए जा रहे थे। जैसे ही वह खैरहिनिया गांव के पास पहुंचे, पीछे से आ रही एक बेकाबू कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सड़क से नीचे गड्ढे में जाकर पलट गई।

इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल किशुनदेव को तत्काल सीएचसी शोहरतगढ़ पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहाँ उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है।
शादी में घर जा रहा था कार सवार फौजी
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त कार उत्तराखंड के काठगोदाम में तैनात एसएसबी (SSB) के एक जवान की है। वह मूल रूप से महाराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र के हरपुर गांव का निवासी है और 19 फरवरी को अपने घर में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए पत्नी और दो बेटों के साथ जा रहा था। गनीमत रही कि कार सवार सभी लोग सुरक्षित हैं।

पुलिस की कार्रवाई
थाना प्रभारी नारायण लाल श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को गड्ढे से निकलवाकर थाने लाया गया है। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।