Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। विकास खंड अंतर्गत एम०आई० पब्लिक स्कूल बनगाई में बुधवार को बोर्ड परीक्षा में सम्मिलित होने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में जूनियर छात्रों (कक्षा 9वीं और 11वीं) ने भावुक मन से अपने सीनियर साथियों को विदाई दी और उनके सफल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
समारोह का विधिवत आगाज़ मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
इसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर आए हुए अतिथियों का अभिनंदन किया।
मेहनत और लक्ष्य निर्धारण पर जोर
इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका सविता यादव ने छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा, “मेहनत और बेहतर परिणाम ही आपका भविष्य तय करेंगे। आप सभी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन करें।”
विद्यालय के प्रबन्धक एम०के० शेख ने बोर्ड परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरुजनों और अभिभावकों का मान बढ़ाना ही सच्ची सफलता है। वहीं, उप प्रबन्धक साजिद शेख ने विद्यार्थियों को लक्ष्य की महत्ता समझाते हुए कहा कि बिना सटीक लक्ष्य निर्धारण के पूर्ण सफलता पाना कठिन है।
स्मृति चिन्ह और पठन सामग्री का वितरण
प्रबन्धक द्वारा बोर्ड परीक्षा में बैठने वाले सभी छात्र-छात्राओं को पठन-पाठन सामग्री भेंट की गई ताकि वे अपनी तैयारी को अंतिम रूप दे सकें। इस दौरान विद्यालय के संस्थापक राजाराम चौधरी, मैनेजमेंट से रामसरन सर, उप प्रधानाध्यापिका प्रतीक्षा मिस सहित समस्त शिक्षक स्टाफ ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य हेतु अपना आशीर्वाद दिया।
गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अवधेश मौर्या, राहुल सर, हेमंत सर, दिनेश बौद्ध, अवधेश पाल, शमसुलहुदा, अमीषा मिस, सुमन मिस, सबा मिस के साथ-साथ क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति जैसे उबेद खान, मखदूम बक्श, रहमतुल्लाह, सूरज शर्मा, रंजीत, घनश्याम यादव और शिवकुमार रावत आदि उपस्थित रहे।