ब्रेकिंग न्यूज़: सिद्धार्थनगर में पुलिस को मिली बड़ी सफलता, हत्या का आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
गुरु जी की कलम से
सिद्धार्थनगर। एक सप्ताह पूर्व मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के नागौचौरी गांव में हुए तिहरे जानलेवा हमले और हत्या के मामले में सिद्धार्थनगर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। एसओजी, सर्विलांस और मिश्रौलिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद हत्या कर फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन ने इस बड़ी सफलता पर टीम को 55 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
मुठभेड़ के बाद हुई गिरफ्तारी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि हत्या का आरोपी चेतिया नवडिहवा जंगल तिराहा के पास मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। पुलिस को देखते ही अभियुक्त ने टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें अभियुक्त के पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे तत्काल गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया।
एस.पी. अभिषेक महाजन ने किया था टीमों का गठन
पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन ने इस जघन्य अपराध के बाद अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार के नेतृत्व में अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमों का गठन किया था। इन टीमों की कड़ी मेहनत और तकनीकी सर्विलांस के दम पर आखिरकार अभियुक्त को पकड़ लिया गया।
एक सप्ताह पूर्व हुई थी जघन्य वारदात
घटना एक सप्ताह पूर्व मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के नागौचौरी गांव के केवटहिया डीह में हुई थी। अभियुक्त ने एक ही परिवार के मां, बाप और बेटी पर चाकू से जानलेवा हमला किया था। इस हमले में बाप की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि मां और बेटी का इलाज अभी भी बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्यवाही से क्षेत्रवासी पुलिस की जमकर सराहना कर रहे हैं, जिससे इलाके में कानून-व्यवस्था के प्रति विश्वास मजबूत हुआ है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक महाजन ने प्रेस कांफ्रेंस कर इस पूरी जानकारी को मीडिया के साथ साझा किया।
फाइल फोटो


