सुनीता जायसवाल मेमोरियल हॉस्पिटल शोहरतगढ़ में रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम द्वारा आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 300 मरीजों की हुई जाँच
निजाम अंसारी
शोहरतगढ़: राम कृष्ण मिशन सेवाश्रम, विवेकानंद पॉलीक्लिनिक एवं आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ, द्वारा आज सुनीता जायसवाल मेमोरियल हॉस्पिटल में एक निःशुल्क चिकित्सा शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग और निःसंतानता (IVF) से संबंधित बीमारियों की जाँच की गई। इस दौरान, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने करीब 300 से अधिक मरीजों का निःशुल्क परीक्षण और उपचार किया।
शिविर में सुबह 11 बजे से ही मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। शिविर में आए मरीजों को डॉ. राहुल सिंह (अर्थो विशेषज्ञ) और डॉ. कनुप्रिया जिंदल (स्त्री एवं प्रसूति विशेषज्ञ) ने परामर्श दिया। मरीजों को न केवल बीमारियों के बारे में जानकारी दी गई, बल्कि उन्हें निःशुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। कई मरीजों ने बताया कि इस तरह के शिविर से उन्हें बहुत फायदा होता है, क्योंकि वे महंगे इलाज का खर्च नहीं उठा पाते।
सुनीता मेमोरियल हॉस्पिटल के एम डी डॉ सुशांत जायसवाल ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में रहने वाले उन लोगों तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुँचाना था, जो अक्सर चिकित्सा सेवाओं से वंचित रह जाते हैं।
उन्होंने कहा कि हमारे लिए स्वास्थ्य सेवा सिर्फ एक व्यवसाय नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी है। हर व्यक्ति को गुणवत्तापूर्ण इलाज मिलना चाहिए, भले ही उसकी आर्थिक स्थिति कैसी भी हो। यह निःशुल्क चिकित्सा शिविर इसी सोच का परिणाम है।
हमारा उद्देश्य उन लोगों तक पहुँचना है जो किसी कारणवश अस्पताल नहीं आ पाते। हमारा प्रयास है कि हम हर जरूरतमंद को सही सलाह, जाँच और इलाज उपलब्ध करा सकें। यह शिविर स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज को एक स्वस्थ दिशा देने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
राम कृष्ण मिशन सेवाश्रम के प्रतिनिधि संतोष शुक्ल ने बताया कि उनका लक्ष्य समाज के कमजोर वर्ग को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करना है। उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित करने का आश्वासन दिया। अस्पताल प्रबंधन ने भी इस नेक पहल के लिए राम कृष्ण मिशन का आभार व्यक्त किया।