Thursday, February 12, 2026
शोहरतगढ़

नेपाल सीमा पर हाई अलर्ट: आतंकी घुसपैठ की आशंका के चलते सघन तलाशी अभियान

Kapilvastupost

​बिहार में आतंकी घुसपैठ के मद्देनजर उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थ नगर की नेपाल-भारत सीमा पर खुनावा बॉर्डर पर आतंकी घुसपैठ की आशंका के बाद सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों खुनावा, करहिया, पकड़िहवा, और धनौरा मुस्तहकम में जवानों ने आने-जाने वाले लोगों की सघन जांच शुरू कर दी है।

खुनुवा चौकी प्रभारी सुधीर त्रिपाठी ने बताया कि आतंकी घुसपैठ की आशंका को देखते हुए एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) और पुलिस की एक संयुक्त टीम ने मुख्य सड़कों के साथ-साथ पगडंडियों पर भी जांच अभियान तेज कर दिया है। उन्होंने कहा कि बिना आधार कार्ड या पहचान पत्र दिखाए किसी को भी सीमा पार करने की अनुमति नहीं दी जा रही है।

​वहीं, धनौरा एसएसबी चेक पोस्ट के निरीक्षक दीपक त्रिपाठी ने बताया कि तस्करी और आतंकी गतिविधियों को रोकने के लिए, पगडंडियों से आने-जाने वाले बाइक सवारों की विशेष तलाशी ली जा रही है। उन्होंने सीमा से सटे सभी गांवों के निवासियों से अपील की है कि अगर उन्हें कोई भी संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो वे तुरंत पुलिस या एसएसबी को सूचित करें। इस कदम से सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा मजबूत हुई है और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में मदद मिलेगी।