Thursday, February 12, 2026
शोहरतगढ़

मंडलीय विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता में बस्ती का जलवा, सिद्धार्थनगर और संत कबीर नगर की टीमों ने भी मारी बाजी

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर/शोहरतगढ़
वीरेंद्र सिंह ग्रामीण स्टेडियम शोहरतगढ़ में मंगलवार को मंडलीय माध्यमिक विद्यालयी फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि चेयरमैन प्रतिनिधि रवि अग्रवाल एवं विशिष्ट अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक सिद्धार्थनगर श्री अरुण कुमार ने किया। इस अवसर पर शिवपति इंटर कॉलेज शोहरतगढ़ के प्रधानाचार्य श्री विक्रम प्रसाद यादव एवं माध्यमिक शिक्षक संघ सिद्धार्थनगर के जिला अध्यक्ष श्री राम विलास यादव ने सभी अतिथियों, टीम कोचों, टीम प्रभारियों, प्रधानाचार्यों एवं खिलाड़ियों का माल्यार्पण कर अंगवस्त्र, स्मृतिचिन्ह, बैज और कैप भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हेमंतराज उपाध्याय ने किया।

प्रतियोगिता के नतीजे

अंडर-17 बालक वर्ग : बस्ती ने सिद्धार्थनगर को 1-0 से हराया।

अंडर-19 बालक वर्ग (फाइनल) : बस्ती ने संत कबीर नगर को 4-1 से मात दी।

अंडर-14 बालक वर्ग : सिद्धार्थनगर की टीम विजयी रही।

अंडर-19 बालिका वर्ग : संत कबीर नगर ने बस्ती को 1-0 से पराजित किया।

अंडर-17 बालिका वर्ग : केवल सिद्धार्थनगर की टीम ने प्रतिभाग किया।

इस प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका श्री सुनील कुमार चौरसिया, सफीउल्लाह, नवीन कुमार, स्पर्श वर्मा, कमलेश कुमार, जिला व्यायाम शिक्षक उपेंद्र नाथ उपाध्याय, जिला व्यायाम शिक्षिका सीमा द्विवेदी ने निभाई। वहीं खो-खो फेडरेशन संघ से टेक्निकल ऑफिशियल रविंद्र गुर्जर, राजकुमार, राजेंद्र प्रसाद, राकेश कुमार जायसवाल, योगेंद्र कुमार समेत शिवपति इंटर कॉलेज का पूरा स्टाफ आयोजन में शामिल रहा।

आयोजक विद्यालय के शारीरिक शिक्षा शिक्षक हौसिला प्रसाद यादव ने अंत में सभी अतिथियों, निर्णायकों, टीम प्रभारियों, खिलाड़ियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त किया।