Thursday, February 12, 2026
शोहरतगढ़

डीएम डॉ. राजा गणपति आर पहुंचे काशीराम नगर, साफ-सफाई व्यवस्था पर जताई सख्ती

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर, उसका बाजार
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त करने के अभियान के तहत जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर नगर पंचायत उसका बाजार के वार्ड संख्या-01 काशीराम नगर (मलिन बस्ती) पहुंचे। यहां उन्होंने साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया और स्वयं स्थल निरीक्षण करते हुए गंदगी वाले स्थानों की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया।

डीएम ने अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत उसका बाजार को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में नियमित रूप से सफाई अभियान चलाया जाए, नालियों की समय-समय पर सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो। इसके साथ ही उन्होंने खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त कराने का आदेश दिया, ताकि स्थानीय नागरिकों को अंधेरे और असुरक्षा की समस्या से राहत मिल सके।

निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत उसका बाजार के अध्यक्ष प्रतिनिधि हेमन्त जायसवाल, अधिशासी अधिकारी अभिनव श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने भी जिलाधिकारी के इस दौरे का स्वागत किया और अपनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

डीएम डॉ. राजा गणपति आर ने लोगों को भरोसा दिलाया कि प्रशासन उनकी बुनियादी जरूरतों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि साफ-सफाई और रोशनी की व्यवस्था दुरुस्त होना ही क्षेत्र के विकास की पहली सीढ़ी है और इस दिशा में लगातार कार्यवाही की जाएगी।