सिद्धार्थनगर। जनपद के ग्रामीण क्षेत्र को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। कोल इंडिया लिमिटेड ने इटवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) के जर्जर भवन की जगह नया भवन बनाने के लिए 6.5 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है।
लंबे समय से स्थानीय लोगों की यह मांग थी कि पुराने भवन की जर्जर स्थिति को देखते हुए नया भवन बनाया जाए। अब नए भवन के निर्माण से ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा और मरीजों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर इलाज मिल सकेगा।
जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर ने बताया कि जल्द ही नए भवन का निर्माण कार्य शुरू होगा। उन्होंने कहा कि नए भवन में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं, पर्याप्त वार्ड, मातृ-शिशु देखभाल यूनिट, लेबर रूम और आपातकालीन सेवाओं की बेहतर व्यवस्था की जाएगी। साथ ही मरीजों के बैठने व ठहरने के लिए भी समुचित इंतजाम किए जाएंगे।