Saturday, October 10, 2026
बढ़नी

ऑनलाइन शिकायत से बौखलाए दबंगों ने बुजुर्ग को पीट-पीटकर किया अधमरा, हालत गंभीर

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में पुलिस प्रशासन की निष्प्रियता और दबंगों के हौसले का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। चिलहिया थाना क्षेत्र के मंझरिया पूरब गांव में जनसुनवाई पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने से बौखलाए दबंगों ने एक बुजुर्ग पर जानलेवा हमला कर दिया। लाठी-डंडों से पीट-पीटकर उन्हें अधमरा करने के बाद आरोपी फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को इलाज के लिए पास के मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

30 अगस्त से शुरू हुआ था लेन-देन का विवाद पीड़ित परिवार के अनुसार विवाद की शुरुआत 30 अगस्त 2026 को पैसे के लेन-देन को लेकर हुई थी। मंझरिया गांव निवासी रामबरन चौधरी ने गांव के ही कुछ लोगों पर भद्दी-भद्दी गालियां देने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया था। पीड़ित के बेटे उमेश चौधरी ने उसी दिन मामले की ऑनलाइन शिकायत (शिकायत संख्या: 40018426019874) दर्ज कराई थी। आरोप है कि पुलिस में ऑनलाइन शिकायत की जानकारी मिलते ही आरोपी पक्ष और अधिक उग्र हो गया और बदला लेने की ताक में रहने लगा।

बाजार गए बुजुर्ग को अकेला पाकर किया हमला उमेश चौधरी द्वारा चिलहिया थाना अध्यक्ष को दी गई तहरीर के अनुसार, 1 सितंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे उनके पिता रामबरन चौधरी चकई जोत बाजार सामान खरीदने गए थे। इसी दौरान गांव के ही मनबढ़ दबंगों—राजेश कन्नौजिया, जगनारायण चौधरी, रणजीत चौधरी, राम कुमार, अर्जुन और ठुनठुन—ने उन्हें अकेला पाकर लाठी-डंडों से घेर लिया और बेरहमी से हमला कर दिया। दबंग उन्हें मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए।

पीड़ित परिवार ने मांगी सुरक्षा, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग घटना के बाद 2 सितंबर 2026 को पीड़ित उमेश चौधरी ने चिलहिया थाने में पुनः लिखित आवेदन देकर सभी नामजद आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। पीड़ित का कहना है कि गंभीर अपराध के बावजूद आरोपी गांव में खुलेआम घूम रहे हैं और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।