Saturday, October 10, 2026
बढ़नी

हार्ट अटैक से शिक्षामित्र रीना चौधरी की असामयिक मौत, परिजनों में छाया मातम

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर जिले के डुमरियागंज तहसील क्षेत्र स्थित ग्राम बनकटी के प्राथमिक विद्यालय में कार्यरत 38 वर्षीय शिक्षामित्र रीना चौधरी का रविवार देर रात हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया। अचानक हुई इस घटना से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे क्षेत्र व शिक्षक समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई है।

सीने में दर्द के बाद हुईं अचेत परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, रीना चौधरी (पत्नी वेदमन चौधरी) को रविवार देर रात अचानक सीने में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत हुई। जब तक परिजन कुछ समझ पाते, वह घर में ही अचेत होकर गिर पड़ीं। बदहवास परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए पास के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों ने मौत का प्राथमिक कारण हार्ट अटैक बताया है।

शिक्षक संघ और स्थानीय लोगों ने व्यक्त किया गहरा शोक 38 वर्ष की अल्पायु में रीना चौधरी के असामयिक निधन की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाकों में सन्नाटा पसर गया। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

उनके निधन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सहकर्मियों और गणमान्य लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। शोक व्यक्त करने वालों में मुस्ताक अहमद, प्रेम प्रकाश चतुर्वेदी, सुनील मिश्रा, अमीरूल्लाह, अवधेश पाण्डेय, अमित मिश्रा, अजीमुद्दीन खां, राकेश यादव, ज्योत्सना सिंह, पूनम मौर्या, मसूद अख्तर और दिलीप वरुण सहित कई अन्य लोग शामिल रहे। सभी ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को यह अपार दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।