Saturday, October 10, 2026
शोहरतगढ़

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर सिद्धार्थनगर में पुलिस और SSB का फ्लैग मार्च, कोटिया कस्बे में दिया सुरक्षा का भरोसा

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। आगामी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व पर शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। पर्व के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम ने संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी है।

इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद और क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी के नेतृत्व में SSB जवानों की संयुक्त टीम ने शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के कोटिया कस्बे में सघन फ्लैग मार्च और पैदल गश्त किया।

सुरक्षा का संदेश और सौहार्द की अपील गश्त के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से सीधा संवाद कायम किया। पुलिस व SSB की टीम ने आम जनता को सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया और त्यौहार को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।

अधिकारियों ने दिए कड़े निर्देश अपर पुलिस अधीक्षक ने त्यौहार के दौरान असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था में खलल डालने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।

इस फ्लैग मार्च के दौरान कोटिया चौकी प्रभारी समेत SSB के कई अधिकारी और कर्मचारी बल-पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।