सिद्धार्थनगर जिले के ढेबरुआ थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले बुलंद हैं। पचऊध चौराहे पर एक ही रात में तीन दुकानों को निशाना बनाकर चोरों ने पुलिसिया गश्त की पोल खोल दी है। Kapilvastupost
शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर): ढेबरुआ थाना क्षेत्र के पचऊध चौराहे पर सोमवार की रात बेखौफ चोरों ने जमकर उत्पात मचाया। चोरों ने एक साथ तीन दुकानों के शटर काटकर लाखों रुपये के कीमती सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना से स्थानीय व्यापारियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। बिल्डिंग मटेरियल और किराना दुकान में बड़ी चोरी
चोरी की सबसे बड़ी वारदात चंपापुर निवासी हीरालाल यादव की बिल्डिंग मटेरियल की दुकान में हुई। चोरों ने शटर तोड़कर दुकान के अंदर रखा लैपटॉप, दो इन्वर्टर बैटरियां और काउंटर में रखे 50 हजार रुपये नकद उड़ा लिए। इसके बाद चोरों ने झिंगहा निवासी मनोज चौधरी की किराना दुकान को निशाना बनाया, जहाँ से लगभग 55 हजार रुपये का सामान चोरी कर लिया गया। ज्वेलरी शॉप में नाकाम रही कोशिश
चोरों ने शोहरतगढ़ निवासी अमन वर्मा की ज्वेलरी की दुकान का भी शटर तोड़ा, लेकिन गनीमत रही कि वे यहाँ से कोई कीमती सामान ले जाने में सफल नहीं हो सके। सुबह जब दुकानदारों को घटना की जानकारी हुई, तो मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस की कार्रवाई
पीड़ितों ने ढेबरुआ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मामले में ढेबरुआ थानाध्यक्ष नारायण लाल श्रीवास्तव ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली है। पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।